कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन से उनके तमाम चाहने वाले दुखी हैं। राजू के चले जाने से हर किसी का दिल भारी है और आंखें नम हैं। लंबी बीमारी के बाद राजू श्रीवास्तव ने 58 साल की उम्र में आंखिरी सांस ली। उनके निधन से कॉमेडी की दुनिया में सन्नाटा छा गया है। राजू के निधन से सबसे ज्यादा दुख उनके परिवार को पहुंचा है। राजू की पत्नी शिखा श्रीवास्तव पर तो जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजू श्रीवास्तव की बीमारी में शिखा साय की तरह कॉमेडियन के साथ रही हैं। राजू के निधन से शिखा गहरे सदमें में हैं।
राजू श्रीवास्तव ओटीटी के दुनिया में भी अपना हाथ आज़माना चाहते थे। किसी बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक स्टैंडअप कॉमेडी शो प्रोड्यूस करना उनका सपना था। इस बात की जानकारी उनसे जुड़े सूत्रों ने इंडिया टूडे को दी है। अपने इस शो के ज़रिए वो उभरते हुए कॉमेडियन को एक मंच देना चाहते थे, लेकिन इससे पहले की उनकी ये इच्छा पूरी होती, वो इस दुनिया को ही अलविदा कह गए। गौरतलब है कि हार्ट अटैक आने की वजह से वो 10 अगस्त से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे, जहां डॉक्टर्स की एक पूरी टीम उनके इलाज में जुटी हुई थी।
इन बड़ी हस्तियों ने जताया दुख
परिवार से लेकर रिश्तेदार, दोस्त और उनके चाहने वाले लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रह थे, लेकिन 21 सितंबर की सुबह उनके निधन की खबर सामने आई, जिसने सभी को गमगीन कर दिया। राजू श्रीवास्तव के जाने से पूरा देश दुखी है और उनके चाहने वाले लगातार सोशल मीडिया के जरिए भी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं कई बड़े बॉलीवुड सितारों ने भी शोक व्यक्त किया है। इन सितारों में अजय देवगन , अक्षय कुमार, राजपाल यादव , विवेक अग्निहोत्री और सुनील पाल जैसे नाम शामिल हैं।
सदमें में है राजू श्रीवास्तव का परिवार
बता दें, राजू श्रीवास्तव के निधन से उनके परिवार और फैंस को गहरा सदमा लगा है। वहीं बॉलीवुड सेलेब्स भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे है। राजू श्रीवास्तव के निधन पर मशहूर कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने दुख जताते हुए कहा कि, “मैंने सच में राजू भाई के लिए प्रार्थना की थी। मैं उन्हें 18 साल की उम्र से जानता हूं। मैं उस समय डायरेक्शन में असिस्टेंट था। मेरी पहली फिल्म में वो एक हीरो थे। तभी से हम लोगों की बातचीत शुरू हो गई थी। मैंने फिल्मों में भी उनके साथ काम किया है। हमने कई शोज एक साथ किए। ये बहुत दुख की खबर है। परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”